गौतम गंभीर ने विश्वकप 2011 के फाइनल में धोनी के छक्के को लेकर किया ऐसा ट्वीट, फैंस ने किया जबरदस्त ट्रोल

गंभीर ने इस मैच में 122 गेंदों में 97 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी, जिसने भारत की जीत की नीव रखी।

विश्वकप 2011 फाइनल में गौतम गंभीर और महेंद्र सिंह धोनी | Getty

भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए आज का दिन किसी त्यौंहार से कम नहीं हैं। 9 साल पहले आज ही के दिन 2011 विश्वकप फाइनल में भारतीय टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज करते हुए भारत को दूसरी बार वनडे विश्वकप का विजेता बनाया था।

इस मैच में फैंस के लिए सबसे यादगार पल रहा 48 वें ओवर में महेंद्र सिंह धोनी का वह छक्का, जिसके साथ ही उन्होंने मैच समाप्त किया। धोनी ने इस मैच में 91 रनों की नाबाद पारी खेली थी और धोनी के इस छक्के को आज भी याद किया जाता हैं और आज यह एक बार फिर सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस के बीच ट्रेंड कर रहा हैं।

हालांकि भारत की इस जीत में पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। गंभीर ने इस मैच में 122 गेंदों में 97 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी, जिसने भारत की जीत की नीव रखी। हालांकि महेंद्र सिंह धोनी की पारी के आगे गंभीर की इस पारी को लोगों ने भुला सा दिया।

आज जब महेंद्र सिंह धोनी फाइनल में लगाए अपने छक्के को लेकर महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर से ट्रेंड करने लगे तो गौतम गंभीर एक ऐसा ट्वीट कर दिया जिसके कारण क्रिकेट फैंस ने उन्हें ट्रोल कर दिया।

गंभीर ने ईएसपीएन क्रिकइंफो द्वारा किये गए एक ट्वीट का स्क्रीनशॉट पोस्ट किया, जिस स्क्रीनशॉट में  "#OnThisDay 2011 में महेंद्र सिंह धोनी ने ऐसा शॉट लगाया था जिसने करोड़ों भारतीयों को ख़ुशी से भर दिया था," लिखा था।

गंभीर ने इसके कैप्शन में "याद दिला दूं कि #worldcup2011 को पूरे भारत, पूरी भारतीय टीम और सपोर्ट स्टाफ ने जीता था। एक छक्के के लिए आपका इतना प्यार बहुत हुआ," लिखा।

गंभीर का ये रवैया क्रिकेट फैंस को ज्यादा पसंद नहीं आया जिसके बाद उन्होंने गंभीर को ट्रोल करना शुरू कर दिया।

 

 
 

By Raj Kumar - 02 Apr, 2020

    Share Via