बीसीसीआई की वार्षिक अनुबंध सूची से बाहर होते ही मैदान पर बल्ला लेकर उतरे महेंद्र सिंह धोनी

महेंद्र सिंह धोनी ने भारत के लिए अपना अंतिम मुकाबला विश्वकप 2019 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था।

महेंद्र सिंह धोनी | Getty

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को बीसीसीआई ने अपने नए वार्षिक अनुबंधों की सूची से बाहर कर दिया हैं। 38 वर्षीय महेंद्र सिंह धोनी पिछले वर्ष वार्षिक अनुबंधों की सूची में ग्रेड-ए के खिलाड़ी थे लेकिन विश्वकप 2019 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार मिलने के बाद उन्होंने खुद को खेल के लिए अनुपलब्ध करवा दिया था।

इस समय के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से उनके संन्यास की चर्चा भी कई बार सामने आई लेकिन उन्होंने अभी तक इस पर कोई भी आधिकारिक बयान नहीं दिया हैं। हाल ही में भारतीय टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने बताया था की धोनी वनडे क्रिकेट से संन्यास ले सकते है और आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करने पर उन्हें टी-20 विश्वकप की टीम में भी जगह मिल सकती हैं।

इसी बीच अब आईपीएल से पहले महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर मैदान पर वापस नजर आये हैं। धोनी रांची में अपनी रणजी टीम के नेट सत्र के दौरान मैदान पर उपस्थित थे जहाँ उन्होंने कुछ देर तक बल्लेबाजी का अभ्यास भी किया। स्टेडियम के कुछ अधिकारियों ने बताया कि, "हमें भी पता नहीं था कि वह हमारे साथ अभ्यास करने आ रहें हैं। उन्होंने यहाँ कुछ देर टीम के साथ बल्लेबाजी का अभ्यास किया और हमें उम्मीद है कि वह ऐसा नियमित तौर पर करेंगे। उनकी उपस्थिति से हमारे खिलाड़ियों को भी मदद मिल सकती हैं।"

महेंद्र सिंह धोनी इस दौरान अपने साथ गेंदबाजी मशीन लेकर आये थे और वहां उन्होंने सफेद गेंद से अभ्यास किए जो जाहिर तौर पर उनकी आईपीएल की तैयारियों को दर्शाता हैं।

हाल ही में मीडिया से बात करते हुए हरभजन सिंह ने भी इस पर अपने विचार रखे थे और बताया था कि आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी भारतीय टीम धोनी की वापसी की उम्मीद नहीं हैं। "मुझे नहीं लगता की धोनी फिर से भारत के लिए खेल सकेंगे, क्योंकि उन्होंने पहले ही फैसला कर लिया था कि वह विश्वकप 2019 तक खेलेंगे। वह आईपीएल की तैयारी कर रहे होंगे," हरभजन ने कहा।

 
 

By Raj Kumar - 17 Jan, 2020

    Share Via