ENGvIND 2018: पहले एकदिवसीय मुक़ाबले में भारत को मिली धमाकेदार जीत

विराट कोहली और रोहित शर्मा | Getty

रोहित शर्मा के नाबाद शतक (137) की मदद से भारत ने गुरुवार को पहले अंतरराष्ट्रीय वनडे में इंग्लैंड को 8 विकेट से हरा दिया। कुलदीप की वर्ल्ड रिकॉर्ड गेंदबाजी (25/6) के सामने इंग्लैंड की पारी 49.5 ओवरों में 268 रनों पर सिमटी। इसके जवाब में भारत ने 40.1 ओवरों में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। भारत ने इसी के साथ तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। दूसरा मैच शनिवार को खेला जाएगा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत को धवन ने तेज शुरुआत दिलाई। लय में नजर आ रहे धवन ने कई आक्रामक शॉट्‍स खेले। वे 27 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 40 रन बनाने के बाद मोईन के शिकार बने। 59 रनों पर पहला विकेट गंवाने के बाद रोहित को विराट का साथ मिला और उन्होंने पारी को मजबूती प्रदान की। रोहित ने स्टोक्स की गेंद पर चौका लगाकर फिफ्टी पूरी की। यह उनका वनडे में 35वां अर्द्धशतक है। कोहली ने मार्क वुड की गेंद पर चौका लगाकर फिफ्टी पूरी की। इसी के साथ इन दोनों के बीच शतकीय भागीदारी पूरी हुई।

रोहित ने आदिल रशीद की गेंद पर छक्का लगाते हुए शतक पूरा किया। वे 82 गेंदों में 12 चौकों और 3 छक्कों की मदद से शतक तक पहुंचे। यह उनका 18वां वनडे शतक है। विराट 75 रन बनाकर रशीद की गेंद पर विकेटकीपर बटलर द्वारा स्टंप किए गए। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए रोहित के साथ 167 रन जोड़े। रोहित 114 गेंदों में 15 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 137 तथा राहुल 9 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारत ने पहले वनडे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। रॉय और बेयरस्टो ने इंग्लैंड को आक्रामक शुरुआत दिलाई। रॉय जब 7 रनों पर थे तब भाग्यशाली रहे कि उमेश यादव ने अपनी गेंद पर उनका रिटर्न कैच छोड़ा। कुलदीप ने मजबूत होती इंग्लैंड की साझेदारी को तोड़ा जब उन्होंने जेसन रॉय (38) को पैवेलियन लौटाया। वे रिवर्स स्विप करने के प्रयास में कवर्स पर उमेश यादव को कैच दे बैठे। उन्होंने बेयरस्टो के साथ 73 रन जोड़े।

जो रूट3 रन बनाने के बाद पीछे जाकर खेलने के चक्कर में कुलदीप की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हुए। अब उम्मीदें बेयरस्टो पर टिक गई थी, लेकिन कुलदीप ने उन्हें इसी ओवर में एलबीडब्ल्यू कर मेजबान टीम को करारा झटका दिया। अंपायर ने बेयरस्टो को आउट नहीं दिया था, लेकिन भारत ने रिव्यू लिया जिस पर थर्ड अंपायर ने बल्लेबाज को आउट करार दिया। बेयरस्टो ने 38 रन बनाए।

कुलदीप ने बाएं हाथ के स्पिनर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के मुरली कार्तिक नाम था, जिन्होंने मुंबई में अक्टूबर 2007 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 27 रनों पर 6 विकेट लिए थे।

भारत 269/2 (रोहित 137 *, कोहली 75) ने इंग्लैंड को 268 (बटलर 53, स्टोक्स 50, कुलदीप 6/ 25 रन) को आठ विकेट से हराया |
 

 
 

By Akshit vedyan - 13 Jul, 2018

    Share Via