ENGvIND: दूसरे टी-20 मुक़ाबले में इंग्लैंड ने दी भारत को मात

एलेक्स हेल्स | GETTY

इंग्‍लैंड ने शुक्रवार को दूसरे टी20 मैच में भारत को 5 विकेट से हराया। भारत ने पांच विकेट पर 148 रन बनाए जवाब में इंग्‍लैंड ने 2 गेंद शेष रहते 5 विकेट खोकर लक्ष्‍य को हासिल कर लिया। इसी के साथ तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी हो गई। निर्णायक मैच रविवार को खेला जाएगा।

लक्ष्य का पीछा कर रहे इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और जेसन रॉय 15 रन बनाकर उमेश यादव की गेंद पर बोल्ड हुए। बटलर 14 रन बनाकर उमेश यादव की गेंद पर मिडऑफ पर विराट को कैच थमा बैठे। चहल ने जो रूट (9) की गिल्लियां बिखेरी। इसके बाद एलेक्‍स हेल्‍स ने 41 गेंद पर 4 चौके और 3 छक्‍के की मदद से नाबाद 58 रन बनाते हुए इंग्‍लैंड को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

भारत की तरफ से कोहली ने सर्वाधिक 47 रन बनाए. महेंद्र सिंह धोनी ने 24 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से नाबाद 32 रन बनाए, जबकि सुरेश रैना ने 20 गेंदों पर 27 रन का योगदान दिया| पिच को देखते हुए हालांकि भारत का स्कोर चुनौतीपूर्ण माना जा सकता है| भारत ने अपने तीन विकेट पर 22 रन पर गंवा दिए थे और दस ओवर के बाद उसका स्कोर केवल 52 रन पर पहुंचा था|

इंग्लैंड की तरफ से लियाम प्लंकेट और डेविड विली ने अपने कोटे के ओवरों में क्रमश: 17 और 18 रन दिए और एक - एक विकेट भी लिए| लेग स्पिनर आदिल राशिद (29 रन देकर एक) भी प्रभावित करने में सफल रहे|

इंग्लैंड ने कसी हुई गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग का नमूना पेश किया जिससे पहले दस ओवर में केवल चार चौके लगे. कोहली को 21 रन पर जीवनदान मिला| राशिद की गेंद पर जैसन रॉय ने कैच करने का अच्छा प्रयास किया लेकिन गेंद उनके हाथ से लगकर सीमा रेखा के पार गिर गई और भारतीय कप्तान को छक्का मिल गया| 

इसके अगले ओवर में रैना ने भी बॉल की गेंद छह रन के लिए भेजी लेकिन राशिद की गुगली पर वह गच्चा खा गये और स्टंप आउट होकर पवेलियन लौटे| भारत का स्कोर 16 ओवर के बाद चार विकेट पर 101 रन था| कोहली और धोनी पारी को तेजी से आगे बढ़ाने की कोशिश की और भारत को सकंट से लगभग निकाल ही लिया| कोहली ने क्रिस जोर्डन की फुलटॉस पर स्क्वायर लेग पर छक्का लगाया, लेकिन विली की गेंद पर रूट ने फाइन लेग बाउंड्री पर खूबसूरत कैच से उनकी पारी का अंत कर दिया| 

इंग्लैंड 149/5 (हेल्स 58 *, बैयरस्टो 28, उमेश 2-36) ने  भारत 148/5  (कोहली 47, धोनी 32 *, प्लंकेट 1-17) को पांच विकेट से हराया
 

 
 

By Akshit vedyan - 07 Jul, 2018

    Share Via