IPL 2018 : धोनी के तूफ़ान के सामने ध्वस्त हुई 'विराट सेना'

महेंद्र सिंह धोनी | IANS

चेन्नई ने बुधवार को आईपीएल के 11वें संस्करण में एक बेहद रोमांचक मुकाबले में बेंगलुरु को पांच विकेट से हरा दिया| एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई के सामने 206 रनों की विशाल चुनौती रखी थी जिसे चेन्नई ने दो गेंद शेष रहते पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया|

मैन ऑफ द मैच धोनी (नाबाद 70) और अंबाती रायुडू (82) ने चेन्नई को मुश्किल लग रही जीत तक पहुंचाया| दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी की जबकि चेन्नई के चार विकेट नौ ओवर में 74 रन पर गिर चुके थे| रायुडू ने 53 गेंद में तीन चौकों और आठ छक्कों की मदद से 82 रन बनाये लेकिन वह 18वें ओवर में रन आउट हो गए|

महेंद्र सिंह धोनी ने 70 रनों की नाबाद पारी खेली जिसमें 34 गेंदों का सामना किया| उनकी इस पारी में सात छक्के और एक चौका शामिल है| धोनी ने शुरू से तेज खेला लेकिन 12 ओवर के दौरान उन्होंने अपना बल्ला बदला| उस समय चेन्नई को जीत के लिए 48 गेंदों में 105 रन की जरूरत थी| कुछ देर बाद रायडू भी चले गए लेकिन धोनी ने धैर्य नहीं खोया| उन्होंने विजयी छक्का लगाकर विश्व कप 2011 के फाइनल की याद दिलाई|

इससे पहल चेन्नई के कप्तान धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी| बेंगलुरु ने 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 205 रन बनाए| बेंगलुरु के लिए अब्राहम डिविलियर्स ने 30 गेंदों में आठ छक्कों व दो चौकों की मदद से 68 रनों की धुंआधार पारी खेली| 

सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने 37 गेंदों में चार छक्के और एक चौके की मदद से 53 रन बनाए| अंत में मनदीप सिंह ने 17 गेंदों में तीन छक्के और एक चौके की मदद से खेलते हुए 32 रनों की पारी खेल टीम को 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 205 रनों के स्कोर तक पहुंचाया| चेन्नई के लिए इमरान ताहिर, शार्दूल ठाकुर और ड्वायन ब्रावो ने दो-दो विकेट लिए|
 

 
 

By Akshit vedyan - 26 Apr, 2018

    Share Via