IPL 2018: MI v DD- जेसन रॉय की तूफानी पारी ने मुंबई से छीनी दिल्ली के लिए पहली जीत

Photo Credit| IANS

आज आईपीएल में दिल्ली और मुंबई के बीच एक बेहद रोमांचक मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स ने मुंबई को 7 विकेट से मात दी| दिल्ली की आईपीएल 2018 में यह पहली जीत है वही मुंबई की यह तीसरी हार है|

मुंबई ने 7 विकेट खोकर 20 ओवर में 194 रन बनाये थे| जवाब में दिल्ली ने 3 विकेट खोकर एक बॉल शेष रहते हुए यह लक्ष्य प्राप्त कर लिया|

लक्ष्य का पीछा कर रहे दिल्ली को डेब्यू मैच खेल रहे जेसन रॉय और कप्तान गौतम गंभीर ने दिल्ली को तेज शुरुआत दिलाते हुए 5 ओवरों में 50 रन जोड़े। इसके बाद मुस्ताफिजुर रहमान की गेंद पर गंभीर (15) ने मिडविकेट पर विपक्षी कप्तान रोहित को कैच थमा दिया।

 इसके बाद उतरे रिषभ पंत ने आक्रामक बल्लेबाजी की। रिषभ 47 रन बनाकर कृणाल के शिकार बने। उन्होंने 25 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्के लगाए। ग्लेन मैक्सवेल 13 रन बनाने के बाद पांड्‍या बंधुओं के शिकार बने। कृणाल की गेंद पर मैक्सवेल ने हवा में शॉट खेला और बाउंड्री लाइन पर हार्दिक ने लंबी दौड़ के बाद डाइव लगाकर शानदार कैच लपका।

दिल्ली को अंतिम ओवर में जीत के लिए 11 रन चाहिए थे, रॉय ने मुस्ताफिजुर की शुरुआती दो गेंदों पर 10 रन बनाए। इसके बाद अगली तीन गेंदों पर कोई रन नहीं बना और रॉय ने अंतिम गेंद पर विजयी रन बनाया। रॉय 53 गेंदों पर 6 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 91 रन बनाकर नाबाद रहे, अय्यर 27 रन बनाकर नाबाद रहे।

जेसन रॉय ने नाबाद 91 रन बनाए | AFP

दिल्ली डेयरडेविल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया मुंबई की खतरनाक होती पहले विकेट की साझेदारी को राहुल तेवतिया ने तोड़ा जब उन्होंने इविन लुईस को मिडऑफ पर जेसन रॉय के हाथों कैच आउट कराया। लुईस 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने सूर्यकुमार के साथ पहले विकेट के लिए 102 रन जोड़े।

इसके बाद सूर्यकुमार ने फिफ्टी पूरी की। लेकिन वे भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए और तेवतिया के शिकार बने। उन्होंने 32 गेंदों में 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से 53 रन बनाए। एक समय लग रहा था कि मुंबई 220 के पार पहुंचेगा, लेकिन उसने 7 विकेट पर 194 रन बनाए।

ईशान किशन ने तूफानी बल्लेबाजी की, लेकिन वे 44 रन बनाकर क्रिस्टियन की फुलटॉस पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। इसके बाद क्रिस्टियन की अगली गेंद पर किरोन पोलार्ड भी बोल्ड हुए। रोहित शर्मा (18) को ट्रेंट बोल्ट ने चलता किया। कृणाल पांड्‍या 11 रन बनाकर शमी के तो हार्दिक पांड्‍या 2 रन बनाकर बोल्ट के शिकार बने। अकिला धनंजय और मयंक मार्कंडे 4-4 रन बनाकर नाबाद रहे।

दिल्ली डेयरडेविल्स 195/3 (रॉय 91, पंत 47, कृणाल पांड्या 2-21) ने मुंबई इंडियंस 194/7 (सूर्यकुमार यादव 53, लुईस 48, क्रिस्चियन 2-35) को सात विकेट से हराया |

 
 

By Akshit vedyan - 14 Apr, 2018

    Share Via