IPL 2018: RCB v KXIP-रॉयल चैलेंजर बैंगलोर को मिला जीत के लिए 156 रनों का लक्ष्य

Photo Credit| IANS

रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ शुक्रवार को आईपीएल 2018 में किंग्स इलेवन की पारी लड़खड़ा गई। किंग्स इलेवन की पारी 19.2 ओवरों में 155 रनों पर सिमट गई।

आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उमेश यादव ने किंग्स इलेवन को पहला झटका दिया जब उन्होंने मयंक अग्रवाल (15) को विकेटकीपर डी कॉक के हाथों कैच कराया। ‍किंग्स इलेवन अभी इस सदमे से उबरी भी नहीं थी कि उमेश ने अगली गेंद पर एरोन फिंच (0) को एलबीडब्ल्यू कर दिया।

उमेश ने इसके बाद युवराज (0) को बोल्ड कर दिया। अब उम्मीदें राहुल पर टिक गई थी, लेकिन वे वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर सरफराज खान को कैच दे बैठे। उन्होंने 2 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 47 रन बनाए। खेजरोलिया ने करूण नायर (29) को बोल्ड किया।

स्टोनिस (11) को सुंदर ने विकेटकीपर डी कॉक के हाथों स्टंप करवाया। अक्षर पटेल (2) को भी खेजरोलिया ने अपना शिकार बनाया। टाई (7) क्रिस वोक्स की गेंद को हवा में खेल बैठे और कप्तान विराट कोहली ने लांग ऑन पर आसान कैच लपका। रविचंद्रन अश्विन ने कप्तानी पारी खेलकर 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 33 रन बनाए। वे चहल की गेंद पर विकेटकीपर डी कॉक द्वारा स्टंप किए गए।

आरसीबी ने समान प्लेइंग इलेवन के साथ उतरने का फैसला किया जबकि किंग्स इलेवन ने डेविड मिलर की जगह एरोन फिंच को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया। क्रिस गेल को इस मैच में भी प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया।

 
 

By Akshit vedyan - 13 Apr, 2018

    Share Via